रहरा(अमरोहा)। थाना क्षेत्र के गांव में हरिद्वार की महिला की गैर इरादतन हत्या करने और दुष्कर्म करने मामले में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। महिला तीन माह के गर्भ से थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया है।
कस्बा व थाना रहरा निवासी अमित कुमार हरिद्वार में ई रिक्शा चलाता था। वहां पर वह सात माह पहले मूल रूप से नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव निवासी एक 30 वर्षीय विवाहिता के संपर्क में आया था। तीन माह पहले अमित रहरा थाना क्षेत्र में अपने गांव आकर रहने लगा। इसके बाद महिला भी रहरा आ गई। मंगलवार को दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। जहरीले पदार्थ के सेवन से महिला की हालत बिगड़ गई। निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
पति का आरोप है कि जान पहचान करके अमित ने पत्नी से ई रिक्शा खरीदने के लिए 35 हजार रुपये उधार लिए थे। रुपये लौटाए बगैर ही अमित हरिद्वार से रहरा आकर रहने लगा था। पत्नी अपने रुपये लेने के लिए रहरा आई थी। यहां पर झांसा देकर उसके साथ अमित ने दुष्कर्म किया। जिसके कारण पत्नी तीन माह के गर्भ से हो गई थी। अमित ने तीस हजार रुपये लौटाने और गर्भ में पल रहे बच्चे को पालने की जिम्मेदारी ली थी। सोमवार शाम को जब पत्नी रहरा से वापस जाने लगी और अमित से रुपये मांगे।
आरोप है कि जिसके चलते अमित ने महिला को जबरन जहर खिला दिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि महिला के शव का विसरा सुरक्षित किया गया है। आरोपी अमित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
-