अमरोहा। घर के बाहर बकरी घुमाने का विरोध करने पर दबंगों ने मजदूर के साथ घर में घुसकर मारपीट की। जान से मारने की कोशिश की। आरोप है कि पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल तो कराया, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की। अब कोर्ट के आदेश पर मामले में 11 लोगों के खिलाफ हत्या की कोशिश समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
अमरोहा के मोहल्ला तकिया हुसैन शाह निवासी गुला मोहम्मद का आरोप है कि पड़ोसी उनके घर के बाहर बकरी से गंदगी कराते हैं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हैं। इस संबंध में कई बार पंचायत भी हुई है। आरोप है कि 20 अक्तूबर की शाम 8:30 बजे गुला मोहम्मद घर पर थे। तभी मोहम्मद हनीफ, अब्दुल्ला, आजम, सलीम, शकील, फहीम, अजीम, अरशद, शोएब, आदिल लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए और जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। आजम ने धारदार हथियार से नासिर के सिर पर भी वार किया। तमंचे से फायरिंग भी की गई। घर में रखा सामान तोड़ दिया। घटना में शहादत, जमालुद्दीन, अनीसा घायल हो गए। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पीड़ितों ने मामले की शिकायत पुलिस से की तो पुलिस ने घायलों का मेडिकल तो कराया लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में मोहम्मद हनीफ, अब्दुल्ला, आजम, सलीम, शकील, फहीम, अजीम, अरशद, सुहेल, शोएब और आदिल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। संवाद