नवोदय विद्यालय के आस पास मादा तेंदुए ने बसेरा बना लिया है जोकि, पिछले दस दिनों से दिखाई दे रही है। यहां हर साल ही तेंदुए का खौफ बना रहता है। जिससे निपटने के लिए झाड़ियों और घास को काटने का काम शुरू कर दिया गया। जिससे तेंदुए यहां टिक ना पाएं।
गुरुवार को मनरेगा, वन विभाग और नवोदय स्कूल ने संयुक्त रुप से झाड़ियों को हटाने काम शुुरू कर दिया। विद्यालय की बाउंड्री में ये झाड़ियां काफी बड़े क्षेत्रफल में फैली हुई हैं। उम्मीद है कि सप्ताह भर में जंगल को साफ कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि पिछले दस दिनों से नवोदय विद्यालय परिसर में तेंदुआ दिखाई दे रहा है। बाद में पता चला कि यह मादा तेंदुआ है और उसके दो बच्चे भी हैं। यूं तो वन विभाग की टीम भी दिन रात स्कूल में डटी रही लेकिन तेंदुए को पकड़ा नहीं जा सका।
वन विभाग का मानना था कि अगर मादा तेंदुए को जाल में फंसा लिया जाता है तो उसके शावक मर जाएंगे। अगर धोखे से शावक पिंजरे में फंस गए तो मादा तेंदुआ खूंखार हो सकती है। ऐसे में विभाग ने संयम से काम लिया। झाड़ियां साफ करने की बात आई तो विद्यालय ने बजट नहीं होने का हवाला दे दिया। आखिरकार वन विभाग, मनरेगा और स्कूल ने झाड़ियों का साफ करने का काम शुरू किया है।