सर्दी के मौसम में कोहरे से होने वाली दुर्घटनाओं के बचाव के लिए रोडवेज विभाग अपनी बसों में ऑल वेदर बल्ब लगवा रहा है। इस बल्ब के लगने से चालकों को कोहरे में बस चलाने में सहूलियत मिल सकेगी। अमरोहा डिपो की लगभग सभी बसों में ऑल वेदल बल्ब लगवाया जा चुका है।
सर्दी के मौसम में कोहरे से राहत के लिए रोडवेज बसों में अब तक फॉग लाइट लगवानी पड़ती थी। जो बहुत ज्यादा कारगर साबित नहीं होती थी। इसका खर्चा भी ज्यादा होता था। लेकिन बहुत ज्यादा लाभ नहीं मिल पाता था। लेकिन इस वर्ष सर्दी शुरू होते ही कोहरे की आहट पर रोडवेट बसों में ऑल वेदर बल्ब लगवाए जा रहे हैं। यह लाइट सर्दी में कोहरा व बरसात के मौसम में भी कारगर है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलने वाले रोडवेज चालकों को फॉग की वजह से ड्राइविंग में अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार इसी के वजह से हादसे हो जाते हैं। कोहरे की वजह से बसों को धीमी गति से चलाया जाता है। यात्रियों को सफर में देरी हो जाती है। इससे दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। एआरएम नरेंद्र कुमार ने बताया कि अमरोहा डिपो की लगभर सभी बसों में ऑल वेदर बल्ब लवाया जा चुका है। इससे कोहरे में बस चालकों को काफी सहूलियत मिल सकेगी।