गजरौला। रिश्तेदार ने ही धोखाधड़ी कर 20.61 लाख रुपये हड़प लिए। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एमडीए कॉलोनी निवासी अजीत सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
एमडीए कॉलोनी निवासी हरेंद्र सिंह ने बताया कि कॉलोनी का ही अजीत सिंह उसका रिश्तेदार है। 14 अगस्त 2019 को अजीत ने एमडीए कॉलोनी में एक भूखंड का बैनामा कराया। मकान बनाने के लिए अजीत ने 25 लाख रुपये उधार मांगे थे। इस पर हरेंद्र सिंह ने अजीत को 23.61 लाख रुपये दिए थे। 15 नवंबर 2020 को जरूरत पड़ने पर हरेंद्र ने अजीत से अपने रुपये मांगे थे। इस पर अजीत ने तीन लाख रुपये वापस कर दिए। बाकी रकम जल्द वापस करने की बात कही, लेकिन वह बहाने बनाता रहा।
आरोप है कि रुपये मांगने पर गाली-गलौज करते हुए रुपये देने से इन्कार कर दिया। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। धोखा देकर और रिश्तेदारी का फायदा उठाकर 20.61 लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस को तहरीर दी, लेकिन कोई केस दर्ज नहीं किया। जिस पर अदालत की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज किया। सीओ अंजलि कटारिया का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है।