आईजी जोन विजय सिंह मीणा ने पुलिस अफसरों के साथ मीटिंग कर निर्देश दिए कि कांवड़ियों की सुरक्षा की तैयारी कर लें। मंदिरों पर पुलिस के साथ ही महिला कांस्टेबल भी लगाएं। कांवड़ियों के नाम, पते और मोबाइल नंबर नोट करने के निर्देश दिए। यानी पूरा सिजरा तैयार करने की बात कही। साथ ही मार्ग में सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा। कहा रूट डायवर्जन का कड़ाई से पालन कराएं, जिससे शिवभक्तों को रास्ते में कोई दिक्कत न हो।
बुुधवार दोपहर पुलिस महानिरीक्षक जोन विजय सिंह मीणा ने कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पुलिस अधीक्षक सभागार में पुलिस अफसरों के साथ मीटिंग की। इस दौरान आईजी जोन ने कहा कि श्रावण माह में बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ में जल लाने के लिए हरिद्वार एवं ब्रजघाट जाते हैं। महीने के प्रत्येक सोमवार को मंदिरों एवं शिवालयों में भारी भीड़ रहती है। शरारती तत्व शांति व्यवस्था को बिगाड़ने की फिराक में रहते हैं। इन पर कड़ी नजर रखें। अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल में डालें। आईजी जोन ने कांवड़ लेने के लिए जाने वालों के नाम, पते और मोबाइल नंबर नोट करने को कहा। पुलिस अधीक्षक डा. शिवा शिंपी चनप्पा को निर्देश दिए कि कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए मार्ग में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। रूट डायवर्जन में कोई कोताही न बरतें। सादा वर्दी में पुलिस की ड्यूटी लगवाने को कहा। मंदिरों के आसपास पुलिस के साथ ही महिला कांस्टेबलों की ड्यूटी लगाई जाए। जिससे महिला श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। आईजी ने चेतावनी दी कि कांवड़ियों की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मीटिंग में डीआईजी ओंकार सिंह, एसपी डा. शिवा शिंपी चनप्पा, अपर पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह, एएसपी रघुवीर सिंह, सीओ सिटी शील कुमार, सीओ धनौरा मोहन लाल, सीओ हसनपुर सोमेंद्र नेगी, शहर कोतवाल शैलेंद्र प्रताप गौतम, डिडौली कोतवाल संतोष कुमार सिंह, महिला थाना प्रभारी अंजू भदौरिया, नौगावां सादात एसओ उपेंद्र यादव, एसओ रजबपुर मोहित चौधरी, एसओ देहात ऋषि कुमार, एसओ सैदनगली मुश्तकीम अली, थाना प्रभारी धनौरा अशोक सोलंकी, थाना प्रभारी गजरौला प्रवीन कुमार, हसनपुर कोतवाल अनिल समानिया समेत समस्त थानाध्यक्ष और चौकी प्रभारी मौजूद रहे।