हसनपुर (अमरोहा)। कोतवाली क्षेत्र के गांव में स्थित आवासीय मदरसे में पढ़ने वाली 12 वर्षीय छात्रा के साथ मौलाना ने दुष्कर्म किया। पीड़िता के परिजनों ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भिजवाने की तैयारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी किसान ने अपनी दो बेटियों को पड़ोसी गांव में एक आवासीय निजी मदरसे में दीनी तालीम हासिल करने के लिए भेजा था। करीब एक वर्ष से दोनों बहनें दीनी तालीम हासिल कर रहीं थीं। मदरसे के परिसर में ही आवासीय कमरे बने हुए हैं। जिनमें छात्राएं रहती थीं। दुष्कर्म पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि 23 दिसंबर को पत्नी के साथ मदरसे में बेटियों से मिलने के लिए गए थे। यहां 12 वर्षीय बेटी अपनी मां से लिपट-लिपटकर रोने लगी। रोने की वजह पूछी तो बेटी ने बताया कि 20 दिसंबर की रात कमरे में सोई हुई थी। इसी बीच मदरसे का हाफिज वहां पहुंचा और बहला-फुसलाकर उसे दूसरे कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया। किसी से बताने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। बताया कि बेटी से दुष्कर्म होने की बात सुनकर पैरों तले से जमीन खिसक गई। आरोपी हाफिज से इस संबंध में शिकायत की तो वह मारपीट पर उतारू हो गया। पीड़िता के पिता ने मंगलवार देर शाम थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की। प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि मदरसे में छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। तहरीर के आधार पर आरोपी हाफिज बहार अली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। दुष्कर्म पीड़िता को मेडिकल परीक्षण भेजने की तैयारी है। शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।