किशोरी को छह दिन तक रखा था बंधक बनाकर
सभासद के पुत्र समेत तीन पुलिस हिरासत में, किशोरी का कराया मेडिकल
संवाद न्यूज एजेंसी
गजरौला। एसपी डा. विपिन ताडा की फटकार के बाद एक सप्ताह पूर्व लापता किशोरी को पुलिस ने बरामद कर लिया। इस मामले में सभासद पुत्र समेत तीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं पुलिस ने किशोरी का मेडिकल भी कराया है। किशोरी के सकुशल बरामद होने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है। किशोरी के परिजनों ने थाने में हंगामा भी किया था। वहीं किशोरी की मां ने सामूहिक आत्महत्या की भी धमकी दी थी। उस पर समाज के बढ़ते दबाव के कारण प्रदेश के एक मंत्री ने भी एसपी को फोन कर नाराजगी व्यक्त की थी। वहीं प्रभावशाली लोग इस मामले में हस्तक्षेप कर इसे यहीं रफा दफा कराने की कोशिशों में लगे हुए हैं।
सोमवार को पुलिस ने किशोरी की बरामदगी के बाद हिरासत में लिए एक सभासद के पुत्र समेत तीन लोगों से पूछताछ जारी रखी। वहीं एसपी डा. विपिन ताडा के निर्देश पर रविवार की रात को ही पुलिस अभिरक्षा में किशोरी को चिकित्सीय परीक्षण के लिए अमरोहा भेज दिया था। वहीं इस प्रकरण में एक युवक को बचाने के लिए प्रभावशाली लोग थाने की परिक्रमा कर रहे हैं। सोमवार को नगर के एक मोहल्ला निवासी किशोरी को बहला-फुसलाकर लेने जाने की तहरीर थाने में दी गई थी। इस प्रकरण में एक सभासद के पुत्र का नाम भी आ रहा था। वहीं परिजनों ने एक युवक पर उनसे 30 हजार रुपये मांगने और इसके बाद किशोरी को उन्हें सौंप देने की बात भी पुलिस को बताई थी। हालांकि पुलिस का दावा था कि आरोप निराधार हैं। वहीं परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाता था। एसपी की फटकार के बाद हरकत में आई पुलिस ने रविवार की देर शाम किशोरी को नौगांवा सादात के गांव बीबड़ाखुर्द से बरामद कर लिया। इस मामले में तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले रखा है। बताते हैं कि यहां से किशोरी को सीधे उसी गांव में एक घर में ले जाया गया था। किशोरी को वहीं छह दिन तक बंधक बनाकर रखा गया था। किशोरी ने पुलिस को दिए बयानों में इसका खुलासा कर दिया है। उधर, कस्बा चौकी इंचार्ज एसआई रजनीश कुमार ने बताया कि इस मामले में सभासद के पुत्र का नाम भी संदेह के आधार पर सामने आ रहा है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।