रजबपुर(अमरोहा)। खेत पर काम करने गई अनुसूचित जाति की युवती को दूसरी बिरादरी के चचेरे-तहेरे भाइयों ने पकड़ लिया। गन्ने के खेत में खींचकर सामूहिक दुष्कर्म किया। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। घर पहुंचकर पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई तो उनके होश उड़ गए। बदनामी के डर से जहर खाकर जान देने की कोशिश की। आनन-फानन में परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़िता के परिजनों ने मुख्यमंत्री के ट्विटर अकाउंट पर कार्रवाई की गुहार लगाई।
जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा गया। आनन-फानन में पुलिस दौड़कर मौके पर पहुंची। यहां परिजनों से पूछताछ कर घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर आरोपी भाइयों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दबिश दे रही है।
यह वारदात रजबपुर थानाक्षेत्र के एक गांव की है। यहां पर अनुसूचित जाति के मजदूर का परिवार रहता है। आरोप के मुताबिक उनकी 19 वर्षीय बेटी एक मार्च कि सुबह करीब 11.30 बजे खेत पर चारा लेने के लिए गई थी। तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही गैर बिरादरी के चचेरे-तहेरे भाइयों ने बुरी नीयत से पकड़ लिया और गन्ने के खेत में खींच कर ले गए। यहां दोनों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद आरोपी पीड़िता को खेत में छोड़कर भाग निकले। इसके बाद पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। बदनामी के डर से जहर खाकर जान देने की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इसी बीच परिजनों ने मुख्यमंत्री के ट्विटर अकाउंट पर कार्रवाई की गुहार लगाई। जिसके बाद स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में सीओ सत्येंद्र सिंह, इंस्पेक्टर अरविंद कुमार और एसएसआई अरिहंत सिद्धार्थ फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। परिजनों से पूछताछ के बाद घटनास्थल का मुआयना किया। इंस्पेक्टर ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर कुलदीप और राजीव के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, धमकी और एससीएसटी एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों आरोपी चचेरे-तहेरे भाई हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।