अमरोहा। विकास कार्यों को पूरा करने में जिले ने बेहतर प्रगति की है। रैंकिंग में जबरदस्त उछाल आया है। इस बार प्रदेश में जिले की रैंकिंग आठवें नंबर पर है। जबकि मंडल में दूसरे स्थान पर है। मंडल में अव्वल रैंक बिजनौर का है। पिछली बार जिले की 37वीं रैंक रही है। इस बार कुल 50.55 प्रतिशत अंक मिले हैं।
प्रदेश सरकार के 73 बिंदुओं पर आधारित विकास कार्यों पर प्रति महीना प्रदेश के जिले की रैंकिंग का निर्धारण किया जाता है, जिसमें मनरेगा के तहत मजदूरों को काम और भुगतान, गौवंशीय पशुओं की देखरेख, टैगिंग, हैंडपंप मरम्मत, किसान सम्मान निधि, वानिकीकरण, पंचायत भवनों के निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण, नसबंदी, पीएम और सीएम आवास आदि प्रमुख रुप से शामिल हैं। इसके लिए कुल 275 अंक निर्धारित है। पिछली बार जिले की रैंकिंग 37वीं रही। डीएम उमेश मिश्र ने विकास कार्यों में गंभीरता बरतने के निर्देश दिया। इसके चलते इस बार विभिन्न विभागों ने बेहतर काम किया है। विभिन्न विभागों के कार्यों का मूल्यांकन किया गया जिसमें जिले को 139 नंबर मिला है। दरअसल विभागों द्वारा काम में 75 प्रतिशत उपलब्धि पर ए और 50 प्रतिशत उपलब्धि पर बी रैंकिंग का निर्धारण होता है।