डिडौली। चौधरपुर फ्लाईओवर पर मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में रामपुर के ट्रक चालक सतपाल सिंह (50) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा चालक को झपकी आने के कारण हुआ जिससे उसका ट्रक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे दूसरे ट्रक में जा टकराया। पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन शव को घर ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
मृतक सतपाल सिंह रामपुर जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र के वेरखेड़ा गांव निवासी वीर सिंह के बेटे थे। पुलिस के मुताबिक सतपाल सिंह दिल्ली से माल लेकर अपने ट्रक से रामपुर लौट रहे थे। मंगलवार सुबह जब उनका ट्रक चौधरपुर फ्लाईओवर पर पहुंचा, तभी उन्हें अचानक झपकी आ गई। नींद आने के कारण ट्रक पर उनका नियंत्रण नहीं रहा और वाहन आगे चल रहे एक अन्य ट्रक में पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सतपाल सिंह केबिन में बुरी तरह फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चालक को ट्रक से बाहर निकालने का प्रयास किया। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद कुछ देर तक फ्लाईओवर पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने वाहनों को हटवाकर सुचारु कराया।
सतपाल सिंह के परिवार में पत्नी परमजीत कौर और दो बच्चे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।