गजरौला (अमरोहा)। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि प्रत्येक छात्र में कवि छिपा होता है। जरूरत है उनकी प्रतिभा को निखारने की। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने स्कूलों में ऐसे बच्चों की तलाश कर उन्हें आगे बढ़ाएं।
बुधवार को जुबिलेंट के ऑफिसर्स क्लब में ‘पढ़े अमरोहा, बढ़े अमरोहा’ की समीक्षा के दौरान मौजूद जेएस हिंदू डिग्री कॉलेज अमरोहा की प्रवक्ता डॉ. संयुक्ता चौहान ने उनके सम्मान में स्वरचित कविता प्रस्तुत की। राज्यपाल ने पूछा कि क्या उनकी कोई कविता प्रकाशित हुई है। फिर कहा कि कविता लिखने का महत्व तभी है जब उसे और लोग भी पढ़ें और उसका प्रकाशन हो। गुजरात का उदाहरण देते हुए कहा कि वह वहां एक कार्यक्रम में गई थीं। वहां बच्चों ने कविता सुनाई। इसके बाद उन्होंने शिक्षकों से ऐसे बच्चों की सूची बनवाई। उनसे कविताएं आमंत्रित कीं और उनका अवलोकन कवियों से कराया। चयनित कविताओं का प्रकाशन किया गया। लगभग 60-70 हजार पुस्तकें बिकीं। अहमदाबाद में उन बच्चों को सम्मानित किया। कहा कि बच्चों में कई तरह की प्रतिभाएं छिपी होती हैं। जरूरत है उन्हें बाहर लाने की। राज्यपाल ने सभी से आह्वान किया कि अमरोहा जनपद और पूरे प्रदेश के लोग माह में एक बार एक घंटे के लिए अवश्य ही पढ़ें। उन्होंने बताया कि उनकी यह मुहिम शीघ्र ही परवान चढ़ेगी और लोग शिक्षा का महत्व समझेंगे।