अमरोहा। जिले में इस वर्ष मौसम का मिजाज लगातार बदलता रहा। कभी तेज धूप तो कभी अचानक बादल छाने और झमाझम बारिश का सिलसिला बना रहा। आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2026 में जून और जुलाई के दौरान पिछले साल की तुलना में कम वर्षा दर्ज की गई है। जुलाई माह में जिले की चारों तहसीलों में कुल 529 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 698 मिमी था।
जुलाई 2026 के तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार धनौरा में सबसे अधिक 169 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद अमरोहा तहसील में 145 मिमी, हसनपुर में 112 मिमी और सबसे कम 103 मिमी वर्षा नौगावां सादात तहसील में रिकॉर्ड की गई।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के विशेषज्ञ पवन शुक्ला ने बताया कि इस वर्ष बारिश का पैटर्न पूरी तरह बदला हुआ दिखाई दिया। कई बार बिना पूर्व संकेत के तेज बारिश हुई, जबकि कई दिनों तक बादल छाए रहने के बावजूद वर्षा नहीं हुई। इसका असर खेती और जनजीवन दोनों पर देखने को मिला।
जिला कृषि अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि इस वर्ष जून और जुलाई में पिछले साल की तुलना में कम बारिश हुई है, लेकिन कुल मिलाकर वर्षा की स्थिति फसलों के लिए संतोषजनक रही है।