गजरौला (अमरोहा)। ऑक्सीजन की मारामारी और कालाबाजारी के चलते लोगों को हो रही परेशानी और भाजपाइयों के हंगामे के बाद गुरुवार को एसडीएम मांगेराम चौहान ने पुलिस फोर्स के साथ गैस सप्लायर के गोदाम पर छापा मारा। हालांकि वहां भरे हुए सिलिंडर तो नहीं मिले लेकिन आधे-अधूरे अभिलेख देख एसडीएम ने कड़ी फटकार लगाई। साथ ही ऑक्सीजन सिलिंडर स्टाक और रेट लिस्ट चस्पा करने की चेतावनी दी। इस दौरान वहां मौजूद परेशानहाल लोगों ने एसडीएम से उन्हें सिलिंडर दिलवाने की गुहार लगाई।
गुरुवार को भी सुबह छह बजे से ही हसनपुर रोड पर अल्लीपुर में मुकीम खान के गोदाम के बाहर सिलिंडर लेने आए परेशानहाल लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। कई लोग एंबुलेंस और निजी वाहनों से ऑक्सीजन लेने आए थे। दोपहर 12 बजे बताया गया कि गाड़ी डेढ़ बजे आएगी। फिर कहा कि ढाई और फिर चार बजे का समय दे दिया। बेहाल लोग वहीं धूप में खड़े पसीना बहाते और घड़ी की ओर निगाह गड़ाए रहे। इसी बीच वहां अचानक ही एसडीएम मांगेराम चौहान छापामारी को आ पहुंचे। उन्होंने इंस्पेक्टर आरपी शर्मा के साथ गोदाम में पहुंचकर वहां रखे सिलिंडरों की जांच की। सभी खाली मिले। एसडीएम ने अभिलेख देखे तो आधे-अधूरे मिले। रेट लिस्ट भी नहीं थी। इस पर उन्होंने जमकर फटकार लगाई। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कालाबाजारी की शिकायत सही पाई गई तो जेल भिजवा देंगे। वहीं देर शाम को गाड़ी आने के बाद कुछ लोगों को ही ऑक्सीजन मिल सकी। बाकी निराश होकर लौट गए। बता दें कि बुधवार की रात को यहां भाजपाइयों ने रात के अंधेरे में सिलिंडर जाते देख जमकर हंगामा किया था। साथ ही सप्लायर पर कालाबाजारी करने का आरोप लगाते हुए उसकी शिकायत मुख्यमंत्री और डीएम से करने की बात कही थी।