अमरोहा। मरीजों को एक नर्सिंग होम में लाने की एवज में दावत उड़ाना एंबुलेंस चालकों को महंगा पड़ गया। कोरोना कर्फ्यू में रेस्टोरेंट में दावत की सूचना पर एसडीएम ने पुलिस बल के साथ छापा मार दिया। मौके पर पुलिस को देखकर वहां पर मौजूद लोग भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी करके सभी लोगों को दबोच लिया। इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर रेस्टोरेंट को सील कर दिया गया है।
चर्चा में रहने वाले मुरादाबाद के एक नर्सिंग होम की ओर से रविवार की दोपहर एंबुलेंस चालकों को आजाद रोड स्थित महफिल ए शमा रेस्टोरेंट में दावत दी गई थी। रेस्टोरेंट में दावत की सूचना किसी ने जिलाधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी को दे दी। उन्होंने इस मामले में एसडीएम सदर विवेक यादव को कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीएम विवेक यादव दोपहर लगभग दो बजे टीपी नगर चौकी की पुलिस के साथ रेस्टोरेंट पर पहुंच गए। बाहर से रेस्टोरेंट का शटर गिरा हुआ था और उस पर ताला लटक रहा था। रेस्टोरेंट के अंदर से आवाज आने पर एसडीएम और पुलिस की टीम बगल के रास्ते से अंदर दाखिल हुई। टीम जब अंदर पहुंची तो वहां कई लोग दावत उड़ा रहे थे। पुलिस बल को देख कई लोग दूसरे रास्तों से खिसक लिए। एसडीएम ने मौके पर मिले सभी लोगों को हिरासत में लेने के निर्देश दिए। इस मामले में कोट चौकी के प्रभारी अरविंद कुमार की तहरीर पर पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक समेत 11 लोगों पर कोरोना गाइड लाइन, लॉकडाउन के उल्लंघन के साथ-साथ आपदा प्रबंधन अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।