अमरोहा। गुजरात से आए पूर्व सभासद के बेटे पर क्वारंटीन तोड़कर लॉकडाउन तोड़ने का आरोप लगा है। घर के बाहर लगा नोटिस भी फाड़ दिया गया। लोगों के बीच घूमने का आरोप है। मोहल्ले के लोगों ने इसकी शिकायत अधिकारियों से की, तो खलबली मच गई। आनन-फानन में पुलिस और डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची। युवक के बारे में पूछताछ की। हालांकि युवक घर में मौजूद मिला। इसके बाद डॉक्टरों ने दोबारा नोटिस चस्पा कर परिवार को क्वारंटीन कर दिया है। पुलिस मामले में एफआईआर दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
यह मामला नगर कोतवाली क्षेत्र का है। यहां पर रहने वाले पूर्व सभासद का बेटा लॉकडाउन में गुजरात से लौटा था। लिहाजा डॉक्टरों ने पूर्व सभासद के बेटे सहित पूरे परिवार को क्वरंटीन कर दिया था। उनके घर के गेट पर कोविड-19 का नोटिस लगाया गया था। लेकिन मंगलवार को कुछ लोगों ने अधिकारियों से शिकायत करते हुए कहा कि पूर्व सभासद का बेटा क्वारंटीन तोड़कर घर के बाहर घूम रहा है। उसने अपने घर के बाहर लगा नोटिस भी फाड़ दिया है। इसकी जानकारी मिलते ही अधिकारियों में खलबली मच गई। अफसरों के निर्देश पर पुलिस और डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची। यहां गुजरात से लौटे युवक के बारे पूछताछ की। इस दौरान युवक घर में मौजूद मिला। डॉक्टरों ने घर के गेट पर चस्पा कोविड-19 के नोटिस के बारे में पूछा तो परिवार ने बच्चों के द्वारा फाड़ने का जवाब दिया। इसके बाद डॉक्टरों ने दोबारा से नोटिस चस्पा कर परिवार को होम क्वारंटीन कर दिया है। इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह ने बताया कि जांच में मामला राजनीति से जुड़ा सामने आया है। शिकायत करने वाला भी पूर्व सभासद है। अगर वह युवक के घर से बाहर घूमने का वीडियो देता है तो उसके आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।