अमरोहा। आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की गुणवत्ता को परखा जाएगा। इसके लिए पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता जांच करेंगे। उन्हें गुणवत्ता की जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए है। गुणवत्ता खराब मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके चलते कार्यदायी संस्था में हड़कंप मचा है।
जिले में 49 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण हो रहा है। एक आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण में 7.52 लाख रुपये की लागत आई है। इसमें तीन से छह वर्ष तक के बच्चों को प्री प्राइमरी स्कूल की शिक्षा दी जाएगी। कई आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण पूरा होने को है। मुरादनगर (गाजियाबाद) में श्मशान के गलियारे के गिरने के बाद सरकार का तेवर सख्त हो गया है। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को परखने के निर्देश दिए है। इसके तहत जिले में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता परखी जानी है। इसके चलते कार्यदायी संस्था में हड़कंप मचा है। इस बीच आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की गुणवत्ता को परखने के लिए पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता केवी सिंह और निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता वीके चौधरी को निर्देश दिया गया है। उन्हें निर्धारित प्रारूप पर सूचना उपलब्ध कराना है। सीडीओ चंद्रशेखर शुक्ल ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कराया जा रहा है। उनके निर्माण की गुणवत्ता को परखा जाना है। पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड और निर्माण खंड के अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिया गया है। उनसे रिपोर्ट तलब की गई है।