अमरोहा। देहात थाना क्षेत्र के मोहल्ला रफातपुरा में रास्ता बनाने के लिए डाली गई मिट्टी को हटवाने पहुंचे पुलिस प्रशासनिक अफसरों को आक्रोश का सामना करना पड़ा। लोगों ने रास्ते पर अपना अधिकार जताते हुए हंगामा किया। पुलिस और आक्रोशित लोगों के बीच नोकझोंक हुई। इस कारण करीब तीन घंटे तक अफरातफरी का माहौल रहा। पुलिस ने हंगामा कर रहे तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है। वहीं, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जमीन से अवैध रूप से डाली गई मिट्टी को हटाया गया।
यह विवाद देहात थानाक्षेत्र के गुलड़िया रोड स्थित मोहल्ला रफातपुरा का है। नगर कोतवाली क्षेत्र के घेरमुनाफ निवासी आमिर अब्बास की मोहल्ला रफातपुरा में रोड किनारे भूमि है। उसके पीछे खेती की जमीन और बाग है। इसके इर्द-गिर्द मोहल्ले के ही शिवकुमार और उनके अन्य परिजनों की जमीन है। पिछले बीस दिनों से दोनों पक्षों के बीच भूमि विवाद चल रहा है। आरोप है कि आमिर अब्बास की जमीन पर शिवकुमार और उसके परिजन अपना रास्ता बताते हैं। इसके लिए उन्होंने 15 दिन पहले मिट्टी डालकर रास्ता बनाना शुरू कर दिया था। लेकिन, आमिर अब्बास ने इसकी शिकायत एसडीएम सदर से की। सरकारी दस्तावेजों और दोनों पक्षों को सुनने के बाद एसडीएम ने जमीन पर आमिर अब्बास का अधिकार बताया। लेकिन, इसी बीच गुरुवार की रात फिर कुछ लोगों ने रास्ता बनाने के लिए जमीन पर मिट्टी डालना शुरू कर दिया। मामला दो समुदाय के जुड़ा था, इसलिए सूचना मिलते ही एसडीएम शशांक चौधरी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। यहां हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ दिया गया। सुरक्षा के लिहाज से डिडौली, नौगांवा सादात और अमरोहा नगर पुलिस को भी बुला लिया गया। एसडीएम ने अपनी मौजूदगी में अवैध रूप से डाली गई मिट्टी को हटवाया। एसओ सुरेश कुमार गौतम ने बताया कि शिवकुमार, अशोक कुमार और अंशार अहमद निवासी मुल्लाना के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।