सैदनगली(अमरोहा)। प्रथमा बैंक में सिक्के न लेने पर व्यापारियों को गुस्सा भड़क गया। उन्होंने बैंक पहुंचकर जमकर हंगामा किया। व्यापारियों का आक्रोश देखकर प्रबंधक के तेवर बदल गए। उन्होंने सिक्के जमा करने की हामी भर ली। इसके बाद व्यापारियों का गुस्सा शांत हुआ और वापस लौट गए।
सैदनगली के पूर्व प्रधान अरविंद अग्रवाल किराना के थोक व्यापारी है। उन्होंने मंगलवार की दोपहर नौकर के हाथों करीब 40 हजार के सिक्के (खरीज) प्रथमा बैंक में जमा करने के लिए भेजे थे लेकिन बैंक प्रबंधक ने सिक्के लेने से इनकार कर दिया। जिसके बाद कस्बे के व्यापारियों का गुस्सा भड़क गया। वह इकट्ठे होकर प्रथमा बैंक पहुंचे। प्रबंधक से सिक्के जमा न करने का कारण पूछा। व्यापारियों ने कहा कि सिक्के राष्ट्रीय मुद्रा है इसे आप लेने से कैसे इंकार कर सकते हैं। व्यापारियों ने जमकर हंगामा किया। व्यापारियों का आक्रोश देखकर प्रबंधक के तेवर बदल गए। प्रबंधक ने कहा कि इन सौ रुपये के हिसाब से सिक्कों की पेकिंग करके लाए तो वह जमा कर लेंगे। जिसके बाद व्यापारियों का गुस्सा शांत हुआ। इस दौरान फईम हैदर, शुभनीत गुप्ता, मीसम रजा, अनुराग अग्रवाल, पंचू अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, बृजेश कुमार, राकेश कुमार, दिनेश कुमार, अमित गुप्ता, राहुल आदि व्यापारी मौजूद रहे।