मंडी धनौरा। डीजल के दामों में रोजाना हो रही वृद्धि के विरोध में भारतीय किसान यूनियन की ब्लाक व तहसील इकाई द्वारा अलग-अलग प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया। ज्ञापन में केंद्र सरकार से डीजल व बिजली के दाम कम किए जाने की मांग की गई है। ज्ञापन में किसान सम्मान निधि का लाभ सभी किसानों को दिए जाने की मांग की गई है।
भाकियू की ब्लाक इकाई के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष डूंगर सिंह के नेतृत्व में एसडीएम शशांक चौधरी को ज्ञापन सौंपा जबकि तहसील इकाई ने प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक कुमार के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री से डीजल व बिजली के दामों में कमी करने की मांग करते हुए कहा गया है कि इससे किसानों व मजदूर बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। ज्ञापन में कांट्रेक्ट फार्मिंग अध्यादेश व प्रस्तावित विद्युत संशोधन अधिनियम का राज्य सरकार से विरोध किए जाने की मांग की गई है। किसान के खेत को छोड़कर अन्य स्थान पर हो रही खरीद पर मंडी शुल्क लगाए जाने की मांग की गई है। किसान ऋण मोचन योजना के अंतर्गत प्रार्थना पत्रों का निस्तारण व कृषि रक्षा केंद्रों पर रसायन उपलब्ध कराए जाने की मांग की गई है। इस मौके पर ब्लाक अध्यक्ष दिनेश कुमार, देवराज सिंह, नरेश कुमार, अशोक सिंह, सौवीर सिंह, धर्मेँद्र सिंह आदि मौजूद थे। भाकियू की दोनों इकाइयों द्वारा ज्ञापन सौंपने के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात था।