गजरौला (अमरोहा)। पाकिस्तान में श्री ननकाना साहिब गुरुद्वारा पर हुए हमले के विरोध में लोगों ने प्रदर्शन किया। जाट समाज के लोगों ने बैठक कर पाक के पीएम इमरान खान की कड़े शब्दों में निंदा की और बाद में उनके खिलाफ प्रदर्शन भी किया।
रविवार को समाजसेवी तेजवीर सिंह अलूना के नेतृत्व में एक बैठक का आयोजन हाईवे स्थित एक रेस्टोरेंट में किया गया। तेजवीर सिंह अलूना ने कहा कि सिखों पर अत्याचार और गुरुद्वारे पर हमले की घटना के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान का घिनौना चेहरा पूरे विश्व में उजागर हो गया है। बैठक में पाकिस्तान में सिखों पर हो रहे अत्याचार की निंदा करते हुए भारत सरकार से आग्रह किया गया की पाकिस्तान में रह रहे सिखों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इसके लिए पाकिस्तान सरकार पर दबाव बनाया जाए। यदि आवश्यकता पड़े तो पाकिस्तान में रह रहे प्रताड़ित सिखों को भारत की नागरिकता दी जाए। वक्ताओं ने कहा कि वहां रह रहे सिखों पर अत्याचार सहन नही किया जाएगा। बैठक में मथुरा में जिला प्रशासन द्वारा महाराजा सूरजमल की प्रतिमा हटवाए जाने पर भी रोष व्यक्त किया गया। इसके उपरांत पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया गया। यहां चिराग चौधरी, अजीत चौधरी, प्रभात फौजी, अमेंन्द्र सिंह, पृथ्वी सिंह, गौरव, राहुल हिमाशु, निक्कू आदि मौजूद रहे।