अमरोहा। जिला पंचायत बोर्ड की बैठक वर्ष 2026-27 के लिए करीब 42 करोड़ के प्रस्ताव पास हुए। जबकि वित्तीय वर्ष 2025-26 के 50.31 करोड़ के पुनरीक्षित बजट पर भी बोर्ड की मुहर लग गई है। लंबे समय तक चली बैठक के दौरान अधिकारियों और जिला पंचायत सदस्यों के बीच काफी मंथन हुआ। बैठक में पंचम वित्त व केंद्रीय वित्त के अंतर्गत जिला पंचायत सदस्यों से कार्य योजना के लिए प्रस्ताव भी मांगे गए।
सोमवार को जोया रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित हुई बैठक में मुख्य रूप से विद्युत विभाग, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जल निगम, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, सफाई आदि मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में जिला पंचायत के वर्ष 2025-26 के पुनरीक्षित बजट 50,31,49,276 रुपये व वर्ष 2026-27 के मूल बजट 42,66,64,301 रुपये तथा जिला पंचायत की कार्य योजना वर्ष 2026-27, मनरेगा लेबर बजट वर्ष 2026-27 का अनुमोदन किया गया। साथ ही साथ विभव एवं संपत्ति कर निर्धारण सूची वर्ष 2025-26 का अनुमोदन भी सदन द्वारा किया गया।
सदस्यों द्वारा रखी गई समस्याओं को जिला पंचायत अध्यक्ष ललित तंवर द्वारा शीघ्र निस्तारित कराए जाने का भरोसा दिया गया। अध्यक्ष ने बैठक में जिले भर में कराए जाने वाले कार्यों के संबंध में विस्तृत रूप से जानकारी दी। बैठक के दौरान संबंधित अधिकारी व सदस्य भी उपस्थित रहे।
-