हसनपुर (अमरोहा)। नगर में दिवाली की रात को पांच घरों में करीब 11 लाख रुपये की डकैती करने और विरोध पर किसान को गोली मारने के मामले में पुलिस की पांच टीमें बदमाशों की खोजबीन में जुटी हुई हैं। अब तक कई संदिग्धों से पूछताछ की जा चुकी है। एक संदिग्ध को हिरासत में भी ले रखा है। उधर डकैती की घटना के बाद दूसरे दिन भी बाहरी कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है।
दिवाली की रात को 5 बदमाशों ने नगर के मोहल्ला कनेटा रोड निवासी मजदूर अलीहसन, बुंदू, जैकेट कारोबारी रिहान, परचून दुकानदार फिरोज और किसान अरविंद, जूता सेल्समैन पूरन के घर सीढ़ी लगाकर करीब दो लाख की नगदी समेत 11 लाख रुपये की डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। विरोध करने पर किसान अरविंद के सीने में गोली मारकर बदमाश फरार हो गए थे जबकि पूरन के सिर में तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया था। घायल अरविंद को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर किया गया था जहां उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। आईजी रमित शर्मा, पुलिस कप्तान डॉ विपिन ताडा समेत आला अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया था। पीड़ित परिवारों से पूछताछ कर घटना को गहराई से जाना था। पुलिस कप्तान ने घटना के खुलासे के लिए पांच टीमों का गठन किया था। अमरोहा के अलावा गैर जनपदों में भी संदिग्ध की तलाश में लगी हुई है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में ले रखा है। इसके अलावा कई से पूछताछ की जा रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुमार का कहना है कि बदमाशों की खोजबीन की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।