अमरोहा। जिले में पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास को नई गति देने के लिए सरकार ने 3.37 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इस निर्णय से जिले के प्रमुख प्राचीन मंदिरों और बौद्ध विहारों का सौंदर्यीकरण एवं विकास किया जाएगा, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
स्वीकृत योजनाओं के तहत कुल पांच प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं। इनमें नौगावां सादात क्षेत्र स्थित बाबा लालचंद मंदिर जकड़ी के पर्यटन विकास के लिए 50 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं मंडी धनौरा के प्राचीन शिव मंदिर धुने वाले बाबा स्थल के सौंदर्यीकरण एवं विकास के लिए 69 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसके अलावा हसनपुर स्थित प्रज्ञा बुद्ध विहार के विकास कार्यों के लिए 50 लाख रुपये की धनराशि दी गई है। जोया विकासखंड के ग्राम डिडौली स्थित शिव मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 63 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही हसनपुर स्थित चामुंडा देवी मंदिर में बहुउद्देशीय हाल, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुविधाओं के लिए 150 लाख रुपये की सबसे बड़ी धनराशि मंजूर की गई है। इन सभी परियोजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) को सौंपी गई है। डीएम डॉ. नितिन गौड़ ने निर्देश दिए हैं कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद अमरोहा जिले के धार्मिक स्थल न सिर्फ स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेंगे, बल्कि अन्य जिलों और राज्यों से आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि होगी। सरकार की इस पहल से जहां जिले की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहर को संरक्षित करने में मदद मिलेगी, वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।