हसनपुर(अमरोहा)। गांव सिरसा गुर्जर में गंगा की जमीन पर कब्जे को लेकर चली आ रही रंजिश के चलते ग्राम प्रधान पति ब्रह्मपाल सिंह को सोते समय गोली मार दी गई। घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया। जहां से हायर सेंटर रेफर किया गया है। पूर्व प्रधान समेत दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
यह घटना हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गंगा बांध किनारे पर बसे गांव सिरसा गुर्जर की है। वर्तमान में राजेश्वरी देवी गांव की प्रधान हैं। रोजाना की तरह उनके पति ब्रह्मपाल सिंह अपने घर के बरामदे में चारपाई पर सो रहे थे जबकि परिवार के अन्य सदस्य कमरे में सो रहे थे। घर की चहारदीवारी और दरवाजा नहीं है। रविवार रात करीब तीन बजे कुछ लोगों ने घर में घुसकर चारपाई पर सो रहे प्रधान पति पर ब्रह्मपाल सिंह के पेट में गोली मार दी। फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण जाग गए। हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पूर्व प्रधान पर रंजिश में गोली मारने का आरोप लगाया गया है। एकत्र होकर ग्रामीण थाने पहुंच गए। जिला पंचायत सदस्य के पति पिंटू भाटी ने भी थाने पहुंचकर कार्रवाई के लिए कहा। पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार का कहना है कि प्रधान राजेश्वरी की तहरीर पर पूर्व प्रधान वीरू व बंटी निवासी गांव सिरसा कला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
गोली पेट में लगकर हुई पार
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार के मुताबिक गोली पेट में मारी गई है। गोली आरपार हो गई है। गनीमत रही है कि पेट में गोली फंसी नहीं हैं। बाहर निकल गई है। गोली मारने के लिए 315 बोर के तमंचे का इस्तेमाल किया गया है। तमंचा भी बरामद कर लिया गया है।
-
जमीन पर हक को होता रहता है टकराव, पहले भी चल चुकी हैं गोलियां
कोतवाली क्षेत्र के गांव सिरसा गुर्जर में प्रधान पति को गोली मारने की घटना से गांव में दहशत फैल गई है। एक फिर से गंगा की रेती की जमीन पर हक जताने के लिए गोली चलने का मामले ने तूल पकड़ा है। ऐसे मामलों में पहले भी कई बार गोलियां चल चुकी हैं। बताया जाता है कि जो भी गांव का प्रधान बनता है वह गांव के सामने गंगा की रेती की हजारों बीघा जमीन पर हक जताने लगता है। जबकि पूर्व प्रधान इसका विरोध जताते रहते हैं। इस मामले में भी यही हुआ। पुलिस के मुताबिक दो दिन पूर्व भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था।
-
दो और नाम हो सकते हैं शामिल
कोतवाली क्षेत्र के गांव सिरसा गुर्जर में प्रधान पति ब्रह्मपाल सिंह को गोली मारने की घटना के बाद घायल ने पुलिस को बताया कि गोली मारने के लिए घर में चार लोग घुसे थे। दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है। जबकि बाकी के दो लोग कौन थे। इसकी जांच की जा रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि घटना में शामिल जितने भी आरोपी शामिल हैं। सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।