डिडौली/ कैलसा। सिबौरा बिजलीघर से जुड़े करीब 14 गांवों में करीब 10 घंटे बिजली आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उमस भरी गर्मी में बिजली नहीं आने से घरों में पंखे और कूलर बंद रहे। वहीं बिजली से संचालित पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित रही।
बिजली कटौती के कारण डिडौली, रसूलपुर गुर्जर, शेखूपुरा गुर्जर, शहबाजपुर खुर्द, ढेला, नंगला जग्गा, नंगला नीलीखेड़ी, ढकिया मूढ़ा, ईम्मा, सिबौरा, जोगीपुरा, मिलक, कटाई, शाहपुर, ढयोढ़ी, वाजिपुर और कासमपुर जट समेत आसपास के गांवों के ग्रामीण परेशान रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब 10 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहने से रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हुए। ग्रामीणों ने बिजली निगम के अधिकारियों से आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त कराने और बार-बार होने वाली कटौती से निजात दिलाने की मांग की। अवर अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि खजूरी से बिजली की आपूर्ति सही तरीके से नहीं मिल पा रही है। इसी वजह से सिबौरा बिजलीघर से जुड़े गांवों में आपूर्ति प्रभावित हुई।
कोठी खिदमतपुर बिजलीघर से जुड़े कई गांवों के ग्रामीण भी बढ़ती गर्मी और बिजली कटौती से परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि रात में बिजली काट दी जाती है। बुधवार शाम एक घंटे, रात में तीन घंटे बिजली काटी गई। फिर बृहस्पतिवार शाम एक घंटे रोस्टिंग होने के कारण बिजली आपूर्ति बंद रही। कोठी खिदमतपुर बिजलीघर से जलीलपुर बक्काल बिजलीघर को बिजली आपूर्ति की जाती है। अधिशासी अभियंता दुष्यंत कुमार ने बताया कि ओवरलोड की वजह से आपूर्ति बंद करनी पड़ती है।