अमरोहा। बिजली की कटौती ने शहर के पांच मोहल्लों में लोगों की पेयजल समस्या बढ़ा दी है। बिजली नहीं आने पर पानी की टंकियों का संचालन बंद हो गया। घरों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हो गई। बारिश के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने पर स्थिति और खराब हो जाती है। परेशान लोगों ने नगर पालिकाध्यक्ष को ज्ञापन देकर पेयजल टंकियों पर सोलर लाइट और जनरेटर लगवाने की मांग की है।
लोगों ने बताया कि मेहमदी सराय, लक्ष्मण वाली मढ़ैया, चुन्नी वाली मढ़ैया, मढ़ैया हुसैनपुरा और इमली वाली मढ़ैया में पानी की टंकियों से घरों तक पेयजल की आपूर्ति की जाती है। टंकियों का संचालन बिजली से होने के कारण बिजली कटौती होते ही पानी की सप्लाई प्रभावित हो जाती है। लोगों के मुताबिक आमतौर पर सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक बिजली रहती है, लेकिन इस दौरान भी कई घंटे कटौती होती रहती है। बारिश के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से टंकियां नहीं चल पातीं और लोगों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ता है। कई बार उन्हें पानी की व्यवस्था के लिए दूसरे साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है।
लोगों का कहना है कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा के लिए बिजली पर निर्भरता कम करना जरूरी है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से टंकियों पर सोलर लाइट लगाने और जनरेटर की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि बिजली कटौती के दौरान भी मोहल्लों में पेयजल आपूर्ति सुचारु रखी जा सके। मामले में ईओ दिनेश कुमार का कहना है कि क्षेत्र में जेनरेटर से आपूर्ति की व्यवस्था कराई जाएगी।
इस दौरान राहुल सैनी, सोनू डीलर, संजय, जगजीवन, करतार सिंह, नरेंद्र सिंह, हुकुम सिंह, रवि कुमार, परम सिंह और सतेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।