अमरोहा। विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण के तहत जिले में मतदेय स्थलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर 1200 मतदाताओं के मानक से मतदेय स्थलों के संभाजन और पुनर्व्यवस्थापन के निर्देश दिए हैं। इसे लेकर सोमवार को कलक्ट्रेट के गांधी सभागार में बैठक हुई।
डीएम डॉ. नितिन गौड़ ने बताया कि भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण और भवनों के चिन्हांकन के बाद उपजिलाधिकारियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से प्रस्ताव तैयार कराए गए। विधानसभा क्षेत्रवार मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची 19 अक्तूबर को प्रकाशित कर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई थी। 25 अक्तूबर तक सुझाव और आपत्तियां मांगी गई थीं।
बैठक में सांसद, विधायकों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावित सूची पर विचार-विमर्श किया गया। सूची को अंतिम रूप देकर अनुमोदन के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के कार्यालय भेजा जाएगा। इसका उद्देश्य मतदाताओं की संख्या के अनुरूप मतदान केंद्र निर्धारित करना है।