सीडीओ चंद्रशेखर शुक्ल ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम शशांक चौधरी के साथ सभासदों से जानकारी लिया।
- फोटो : JPNAGAR
जोया अमरोहा। नगर पंचायत के चेयरमैन पति जाहिद हुसैन के खिलाफ केस दर्ज होने से प्रशासनिक तंत्र फूंक-फूंक कर कदम रखने लगा है। अधिशासी अधिकारी के ऊपर लगे आरोपों की जांच के लिए सीडीओ नगर पंचायत जोया के कार्यालय में पहुंचे लेकिन ईओ नहीं आईं। सीडीओ ने सभासदों से मामले की जानकारी ली। उन्होंने पूछा, क्या कारण है दोनों पक्षों में मनमुटाव का। सभासदों ने कहा कि सर, तानाशाही... यह सुनने के बाद कार्यालय में सन्नाटा पसर गया। उन्होंने लोगों को बाहर कराया। इसके बाद एक-एक सभासद को बुलाकर उनसे बात पूछी।
सीडीओ चंद्रशेखर शुक्ल दोपहर लगभग 1.30 बजे अध्यक्ष के कार्यालय में आए। उनके साथ ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एसडीएम शशांक चौधरी भी थे। सीडीओ ने सभासदों से मामले के बारे में जानकारी ली। एक-एक सभासद को बारी-बारी से बुलाकर बंद कमरे में फीडबैक लिया। इसके अलावा उन्होंने कर्मचारियों से फीडबैक लिया। लगभग आधा घंटा तक कार्यालय में रुके रहे। इसके चलते कर्मचारियों में हड़कंप रहा। उनके जाने के बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। उन्होंने फाइलों के बारे में पूछताछ की। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एसडीएम शशांक चौधरी ने भुगतान के बारे में फीडबैक लिया। उनके साथ सीओ सिटी विजय राणा भी रहे।