सूबे के मुखिया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश को गंदगी, भ्रष्टाचार से मुक्त करने और बूचड़खानों को बंद करने की मुहिम छेड़ी गई है। मुहिम को सार्थक बनाने के लिए गजरौला थाना पुलिस सोमवार को झाड़ू और फावड़ा लेकर सड़क पर उतर आई।
पहले तो टायलेट की सफाई की फिर मिट्टी मंगाकर चौपला पर हाईवे पर बने गड्ढों को भरा। पुलिस की इस पहल की लोगों ने सराहना की। सोमवार को एनएच-24 पर सबसे व्यस्त रहने वाले चौपला चौक पर टॉयलेट आदि की बदबू से राहगीरों को निजात दिलाने के लिए सफाई अभियान चलाया गया।
बता दें कि चौपला पर चौकी के दूसरी ओर राहगीर खुले में टॉयलेट करते हैं। आलम ये है कि दूर-दूर तक बदबू फैली रहती है। लोगों को निकला दूभर हो जाता है। इतना ही नहीं महिलाएं सिर झुका कर निकलती हैं। जबकि पास ही सुलभ शौचालय भी है।
इसके चलते चौकी पुलिस ने सोमवार को झाड़ू और फावड़ा हाथ में उठा लिया। पालिका से पानी का टैंक मंगा कर पानी से धुलाई की। इतना ही नहीं चौक पर ही सड़क पर गहरे गड्ढों की मिट्टी डाल कर पैचिंग की। सफाई अभियान में शामिल चौकी इंचार्ज नीरज कुमार ने बताया कि खुले में टॉयलेट करने वालों में कार्रवाई की जाएगी। टॉयलेट की बदबू से जनता का वहां ठहराव भी नहीं हो पाता था, इसके चलते पुलिस ने पालिका से पानी का टैंक मंगा कर की सफाई।