गजरौला। अतरपुरा में नितिन सिद्धू की गोली मार कर हत्या के दौरान बड़े भाई द्वारा की गई ताबड़तोड़ फायरिंग में छलनी हुए दरवाजे के हिस्से को पुलिस जांच के लिए प्रयोगशाला भेजेगी। उसके हिस्से को सबूत के तौर पर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
अतरपुरा स्थित सिद्धू कॉम्पलेक्स निवासी अरुण सिद्धू के घर पर बड़े बेटे सचिन ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर छोटे भाई नितिन की हत्या कर दी। उसके द्वारा पांच राउंड फायरिंग की गई थी। जिसमें चार राउंड फायरिंग से लोहे की जाली के दरवाजे पर निशान बन गए थे। एक गोली जालीदार दरवाजे से निकल कर नितिन की गर्दन में लग गई थी। जो उसकी मौत का कारण बनी। मौके से पुलिस को चार खोखे बरामद हुए थे। पोस्टमार्टम के दौरान गोली को गर्दन से निकाला गया। जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस का कहना है कि गर्दन से निकाली गई गोली व फायरिंग में छलनी हुए दरवाजे को जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए सबूत के तौर पर रखा जाएगा।