हसनपुर। प्रधानी की चुनावी रंजिश में हुए चर्चित इशरत हत्याकांड में मुख्य आरोपी नाजिम को पुलिस ने रिमांड पर लेकर पूछताछ की और घटनास्थल पर ले जाकर उसकी निशानदेही पर तमंचा बरामद किया है।
रहरा थाना क्षेत्र के गांव जयतौली निवासी इशरत अली की गांव के नजदीक ही 20 जनवरी 2025 की दोपहर में प्रधानी की रंजिश में गोली मारकर हत्या कर दी दी गई थी। इशरत अली मौजूदा ग्राम प्रधान के ममेरे ससुर थे। मामले में मुख्य आरोपी नाजिम, सलीम, सरफराज, रिहान, विकार, सलीम, कमर खां, आजम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इस मामले में सभी आरोपी जेल जा चुके हैं। मुख्य आरोपी नाजिम को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई थी। नाजिम ने कोर्ट में आत्म समर्पण कर दिया था। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि रहरा थाना प्रभारी अलका चौधरी ने मुख्य आरोपी नाजिम को रिमांड पर लिया और उससे पूछताछ की गई। नाजिम की निशानदेही पर नजदीक लालिया पीर की मजार से पहले कच्चा रास्ता ग्राम महमूदबाद से गंगवार की तरफ जाने वाले बंदे से तमंचा 315 बोर, नाल में फंसा एक खोखा बरामद किया गया है।