थाना क्षेत्र के गांव मोहम्म्दपुर लोहर्रा में बकरीद पर गोकशी किए जाने की सूचना पर पुलिस के हाथ पांव फूल गए। मौके पर जाकर देखा गया तो वहां दो गायों के शव पाए गए। पुलिस ने पशु चिकित्साधिकारी को मौके पर बुलाकर जांच कराई। पुलिस का दावा है कि दोनों गायों की मौत बीमारी के चलते हुई है। बाद में जेसीबी से गड्ढा कर शवों को दबा दिया गया। वहीं, जिस किसान की गायें थीं उसके खिलाफ शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की है।
रविवार की दोपहर किसी ने डीएम को फोन पर ग्राम मोहम्मदपुर लोहर्रा में रामगंगा पोषक नहर के पुल की पटरी पर दो गायों के अवशेष पड़े होने की सूचना दी। डीएम ने तत्काल पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसडीएम अरुण कुमार व थानाध्यक्ष नरेंद्र सिंह मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए। वहां दो गायों के शव पड़े थे। उनके पांव भी रस्सी से बंधे हुए थे। पुलिस ने छानबीन की तो दोनों गाय निकटवर्ती गांव कमेलपुर निवासी एक ग्रामीण की निकलीं। पुलिस ने मौके पर उस ग्रामीण को भी बुला लिया।
ग्रामीण ने बताया कि उसकी दो गायों की शनिवार की रात बीमारी से हो गई थी। वह गायों के शव को नहर किनारे फेंक गया था। ग्रामीण का कहना था कि उस स्थान पर आसपास गांव के लोग अपने मृत पशुओं को डालते हैं। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह भी मौके पर आ गए थे। उन्होंने जांच की। बाद में जेसीबी मशीन से गड्ढा करा शव को दबवा दिया गया। पुलिस ग्रामीण के खिलाफ शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की है।