कोतवाली क्षेत्र में हुए रिंकू हत्याकांड के मामले में पुलिस दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। घर से बुलाकर दोस्तों पर ही हत्या का आरोप लगाया गया था। देररात पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की थी। जल्द ही घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नवाबपुरा निवासी छब्बीस वर्षीय बेटा रिंकू खड़गवंशी मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करता था। पिता के मुताबिक बुधवार की शाम को रुपयों को लेकर रिंकू का दोस्त से विवाद भी हो गया था।
बृहस्पतिवार की सुबह को दोस्त रिंकू को घर से बुलाकर ले गया था। लेकिन शाम तक भी वह घर वापस नहीं लौटा। शाम को गन्ने के खेत में उसका शव मिला था। उसके शरीर पर जले के निशान भी थे। आशंका है कि गला दबाकर हत्या कर दी गई। उसके बाद शरीर को तेजाब से भी जलाया गया। शरीर पर कई स्थानों पर जलने के कारण फफोले पड़े हुए हैं। खाल कई स्थानों पर जली हुई थी। सूचना मिलते ही परिजन एवं ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गांव के ही दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया था।
मामले में पिता औतारी की तहरीर पर मुख्तार सिंह निवासी गांव नबावपुर व अंसार निवासी गांव मछरई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। देर रात पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया था। परिजनों से बातचीत की थी पुलिस को घटना के खुलासे के निर्देश दिए। कोतवाल अरविंद त्यागी का कहना है कि मामले में दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा और घटना का खुलासा किया जाएगा।