अमरोहा जिले के गजरौला में ललिता देवी मंदिर के कपाट बंद देख हंगामा करते प्रसाद चढ़ाने आए श्रद्धाल?
- फोटो : GAJRAULA
गजरौला। चैत्र माह के तीसरे मंगल पर ललिता देवी मंदिर में लगने वाले मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी हालांकि पुलिस द्वारा कोविड-19 की गाइड लाइन के अनुपालन में शासन के निर्देश पर कपाट बंद करा दिए गए थे। यह देख श्रद्धालुओं ने वहां काफी हंगामा किया। मौके पर मौजूद कमेटी के पदाधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों से भी श्रद्धालुओं की तीखी नोकझोंक हुई। बाद में श्रद्धालु मंदिर के बाहर ही प्रसाद चढ़ा कर लौट गए।
मंगलवार को चैत्र माह के तीसरे मंगल पर बस्ती में स्थित ललिता देवी के मंदिर पर तड़के से ही दूरदराज से श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था। श्रद्धालु बैरीकेडिंग में भी कतारबद्ध खड़े हुए लेकिन पता चला कि मंदिर का मुख्य द्वार बंद है और चैनल पर ताला लगा हुआ है। इस पर श्रद्धालु भड़क गए। उन्होंने वहां जमकर हंगामा किया। मौके पर मौजूद मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों से भी उनकी नोकझोंक हुई। जानकारी होने पर इंस्पेक्टर आरपी शर्मा भी आ पहुंचे। उन्होंने श्रद्धालुओं को समझाया कि कोरोना के तेजी से बढ़ रहे संक्रमण को देखते हुए धार्मिक स्थल पर एक बार में पांच से अधिक लोगों के प्रवेश पर रोक के आदेश हैं। काफी देर बाद श्रद्धालु शांत हुए और फिर मंदिर के गेट के बाहर ही प्रसाद चढ़ाकर लौट गए।