मंडी धनौरा (अमरोहा)। रविवार रात मंडी धनौरा सीट से भाजपा विधायक राजीव तरारा की कार पर पथराव के बाद आधा घंटे तक पुलिस न पहुंचने की बात मुद्दा बनी तो एसपी अमित कुमार आनंद ने सोमवार को एसएसआई सतीश मौर्या, कस्बा चौकी इंचार्ज जुगल किशोर और लेपर्ड ड्यूटी के सिपाही अंकुश को निलंबित कर दिया। इस बीच दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। घटना के तुरंत बाद मौके पर जुटे विधायक समर्थकों ने दोनों आरोपियों को पकड़ कर खुद पुलिस को सौंपने की बात कही है।
घटना अमरोहा रेलवे फाटक के पास रविवार रात हुई थी। विधायक तरारा की कार में सामने से आ रही बाइक टकरा गई थी। विधायक के सुरक्षाकर्मियों ने बाइक सवारों को डांटा तो वे उलझने लगे और मारपीट कर दी। इस पर आरोपी युवकों ने विधायक की कार पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया।
विधायक ने तत्काल घटना की जानकारी एसएसआई सतीश मौर्या को फोन पर दी। आरोप है कि एसएसआई मौर्या आधे घंटे तक मौके पर नहीं पहुंचे। पुलिस के न पहुंचने पर विधायक ने नाराजगी जताते हुए एसपी अमित कुमार आनंद को फोन किया। एसपी की फटकार के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी सीओ पंकज त्यागी ने भी मौके पर जायजा लिया।
इस बीच वहां पहुंचे विधायक समर्थकों ने दो आरोपियों को मौके से पकड़ लिया। बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। विधायक समर्थक सतवीर सिंह की ओर से दो नामजद व सात अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इस मामले में विधायक पर जानलेवा हमला करने और कारबाइन लूटने की कोशिश की तहरीर दी है।
एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए वरिष्ठ उप निरीक्षक सतीश मौर्या, कस्बा चौकी इंचार्ज जुगल किशोर तथा लेपर्ड ड्यूटी पर तैनात सिपाही अंकुश को निलंबित कर दिया है। आरोपी ग्राम शाहबाजपुर निवासी रोहित और ग्राम नादनौर माफी निवासी प्रदीप को गिरफ्तार किया गया है।
00