अमरोहा। पीएम आवास देहात के लिए सर्वे में शामिल 106 लोगों के पात्रता की जांच शुरू हो गई है, जो आवास प्लस में शामिल बताए जा रहे हैं। फिलहाल वेबसाइट पर मौजूद 86 लोगों की सूची को बीडीओ ने एडीओ पंचायत और पंचायत सचिवों से पात्रता परखने को कहा है। दरअसल कई ऐसे लोग हैं जिन्होंने मकान बनवा लिया है इसके चलते इन लोगों को लाभ नहीं मिल सकता है।
आवास प्लस योजना के तहत जिले में 1,774 लोगों के मकान बनाए जा रहे हैं जिनका निर्माण आखिरी दौर में है। अब केंद्र सरकार की ओर से 106 पात्रों की सूची भेजी गई है। ग्राम्य विकास अभिकरण (डीआरडीए) की ओर से ब्लॉकवार नामों को संबंधित बीडीओ को भेजा गया है। अब इन लोगों की पात्रता की पड़ताल की जा रही है। केंद्र सरकार के निर्देश के बाद आवास प्लस योजना में 106 और पात्रों की सूची भेजी गई है। इन लोगों के पात्रता की जांच होगी। सर्वे के दौरान मानक के दायरे में आने वालों की संशोधित सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद इन लोगों को मकान बनाने के लिए 1.20-1.20 लाख रुपये दिए जाएंगे। यह रकम तीन किस्त में मिलेगी। इसके अलावा मनरेगा से 90 दिन का रोजगार और शौचालय के लिए 12,000-12,000 रुपये मिलेंगे। परियोजना अधिकारी ग्राम्य विकास अभिकरण मिथिलेश तिवारी ने बताया कि 106 के पात्रता की जांच के निर्देश दिए गए हैं।