अनियंत्रित होकर पिकअप गाड़ी पलटी, आठ घायल
-मनौटा चौकी के पास हुआ हादसा, बेटी का रिश्ता करके लौट रहे थे
संवाद न्यूज एजेंसी
हसनपुर। बेटी का रिश्ता करके वापस लौटते समय लड़की पक्ष के लोगों से भरी हुई पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब आठ लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में उपचार कराया गया। इनमें से दो को रेफर किया है।
बताते हैं कि रहरा थाना क्षेत्र के गांव गंगेश्वरी निवासी दस से अधिक लोग बेटी का रिश्ता करने गजरौला थाना क्षेत्र के गांव छोया में गए थे। दोपहर बाद वहां से लौटते समय गजरौला हसनपुर रोड पर मनौटा पुलिस चौकी के नजदीक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में जितेंद्र, सुरेंद्र, करनपाल सैनी, मेहंदीहसन, सौलाल, जयपाल सिंह, जोमित समेत आठ घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां उपचार के बाद घायलों को छुट्टी दे दी गई, जबकि दो लोगों को रेफर किया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर का कहना है कि मामले में कोई कानूनी कार्रवाई अभी नहीं हुई है। यदि कोई तहरीर देता है तो कार्रवाई की जाएगी।