अमरोहा के मंडी धनौरा की रामगंगा पोषक नहर में गिरी कार को जेसीबी मशीन बाहर निकालते हुए। संवाद
- फोटो : DHANAURA
मंडी धनौरा (अमरोहा)। गांव दिसौरा के निकट बुधवार की रात रामगंगा पोषक नहर में गिरी कार में सवार चाचा-भतीजों की तलाश में देरी पर बृहस्पतिवार सुबह परिवार के लोग और ग्रामीण भड़क गए। गुस्साए लोगों ने फीना मार्ग व चांदपुर मार्ग पर अलग-अलग जाम लगा दिया। काफी मशक्कत के बाद पीएससी की फ्लड डिवीजन के जवान दोपहर में चाचा का शव और कार निकाल सके। लापता भतीजे की तलाश जारी है।
बुधवार रात थाना गजरौला के गांव अलीनगर निवासी रविंद्र पुत्र मोमराज अपने भाई नरेंद्र और भतीजे गुड्डू के साथ बिजनौर जा रहे थे। उनकी कार अनियंत्रित होकर गांव दिसौरा के निकट रामगंगा पोषक नहर में जा गिरी। हादसा होते समय बाहर कूदकर रविंद्र ने खुद को बचा लिया, जबकि कार चला रहा रविंद्र का भाई नरेंद्र व इनके चचेरे भाई का बेटा गुड्डू कार में ही फंस गए थे। ग्रामीणों व पुलिस ने देर रात तक नहर को खंगाला लेकिन दोनों का पता नहीं चल सका था। बृहस्पतिवार सुबह दोनों की तलाश के लिए सरकारी स्तर से कोई गतिविधि न देख ग्रामीणों ने दो स्थानों पर जाम लगा दिया। फीना मार्ग व चांदपुर मार्ग पर जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत किया।
इस बीच पीएसी की फ्लड डिवीजन के जवानों, गोताखोरों ने नहर में दोनों की तलाश तेज की। दोपहर में सबसे पहले गोताखोर कार तक पहुंचे। जेसीबी मशीन से खींचकर कार को बाहर निकाला। नरेंद्र व गुड्डू में नहीं मिले तो उनकी तलाश तेज की गई। आधे घंटे बाद नरेंद्र का शव हाथ आ गया। नरेंद्र के भतीजे गुड्डू की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।
सर्च अभियान के दौरान पुलिस, पीएसी के अलावा एसडीएम विवेक यादव, सीओ सतेंद्र कुमार, तहसीलदार सदानंद सरोज, प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह भी मौके पर मौजूद रहे। गोताख्रोरों का कहना है कि नहर में पानी की गहराई बीस फीट के आसपास है।