गांव ढबारसी में मुख्य बस स्टैंड पर नेहरू मेमोरियल इंटर कॉलेज के सामने वाला बाईपास रास्ते पर ईंटों की अवैध मंडी लगने से ग्रामीण परेशान हैं। यह रास्ता गांव में जाने का संपर्क मार्ग है। इस रास्ते पर ईंटों के ट्रैक्टरों की एक अनधिकृत मंडी बन गई है, जिससे यातायात बाधित हो रहा है और ग्रामीणों व छात्रों को असुविधा हो रही है।
बताते हें कि ईंटों से लदे ट्रैक्टरों की कतारें लगने के कारण यह रास्ता पूरी तरह से जाम रहता है। बिजलीघर जाने वाले ग्रामीणों को भी इसी रास्ते का उपयोग करना पड़ता है, लेकिन ट्रैक्टरों के खड़े होने के कारण उन्हें लंबा चक्कर लगाकर जाना पड़ता है।
नेहरू मेमोरियल इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं को भी इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जहां उन्हें कॉलेज में प्रवेश के लिए केवल दस मीटर का रास्ता तय करना चाहिए, वहीं ईंटों के ट्रैक्टरों के कारण उन्हें पूरे बस स्टैंड का चक्कर लगाकर आना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने इस संबंध में कई बार अधिकारियों से शिकायत की है, लेकिन इस तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।