फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: सुबह से शाम तक लोगों की कतार, फिर भी नहीं बन रहे आधार

Fri, 01 Aug 2025 02:41 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
विज्ञापन
विज्ञापन
अमरोहा। नए शैक्षिक सत्र में जुलाई माह में दोबारा स्कूल खुले भी करीब एक माह हो गया है लेकिन बच्चों व अभिभावकों की मुसीबत कम नहीं हुई है। आधार बनवाना व संशोधित करना उनके लिए परेशानी का सबब बना हुआ है।
विज्ञापन


जिलेभर के डाकघर से लेकर बैंकों तक का यही हाल है। सुबह से लेकर शाम तक लोगों की भीड़ लगी रहती है। कई दिन तक चक्कर लगाने के बाद भी लोगों के आधार कार्ड न तो संशोधित हो पा रहे हैं और न नए बन पा रहे हैं। ऐसे में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके जिम्मेदार अंजान बने हुए हैं जबकि स्कूल-कॉलेज में बच्चों के आधार कार्ड मांगे जा रहे हैं। आलम यह है कि आधार कार्ड और बैंक खाते में नाम पता गड़बड़ होने के चलते कई अभिभावकों की डीबीटी के माध्यम से मिलने वाली राशि भी नहीं मिल पा रही है। स्कूली बच्चों की अपार आईडी नहीं बन पा रही है तो वहीं उनके अभिभावकों के राशन कार्ड में यूनिट की केवाईसी भी नहीं हो पा रही है।

- अमरोहा के मोहल्ला बटवाल निवासी फरजाना ने बताया कि वह बेटे का आधार बनवाने के लिए पिछले कई दिनों से चक्कर काट रही हैं। बृहस्पतिवार सुबह भी वह आधार बनवाने के लिए डाकघर आईं थीं। लाइन में लगकर अपने नंबर का इंतजार किया। बाद में पता चला की तकनीकी समस्या के चलते आधार नहीं बन पाएगा। इस पर उन्हें बेटे के साथ वापस लौटना पड़ा।
विज्ञापन

- बृहस्पतिवार को सुबोध नगर निवासी दीपक और मनोज कुमार ने भी अपने बच्चों का आधार कार्ड बनवाने व संशोधन कराने पहुंचे थे। दीपक ने बताया कि वह अपने बच्चे का आधार बनवाने आया था, जो नहीं बन पाया और उसे मायूस होकर लौटना पड़ा। मनोज कुमार ने बताया कि वह अपने बच्चे का आधार संशोधन करने आया था। लेकिन डाकघर में उसे पता चला कि तकनीकी समस्या के चलते संशोधन नहीं हो पाएगा।


बंद पड़ी आधार की सुविधा, परेशान हो रहे लोग

हसनपुर। नगर व ग्रामीण क्षेत्र में आधार कार्ड बनाने और अपडेट कराने की सुविधा पिछले कुछ दिनों से बंद पड़ी है, जिससे लोग परेशान है।

हसनपुर में ग्रीन सिटी में स्थित डाकघर में पिछले एक माह से आधार कार्ड की मशीन खराब होने की बात बताई जा रही है। रोजाना लोग संशोधन व आधार से संबंधित कार्य कराने के लिए पहुंचते लेकिन काम न होने पर मायूस होकर लौटना पड़ता है। मोहल्ला राजपूत काॅलोनी निवासी डाॅ. सत्यस्वरूप गुप्ता ने बताया कि कई बार आधार केंद्र के चक्कर लगा जा चुके हैं लेकिन वहां पर सेवा ठप है। गांव गंगाचोली निवासी जितेंद्र कुमार ने बताया कि आधार कार्ड अपडेट नहीं होने दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों को आधार संबंधी कार्यों के लिए दूर-दराज के इलाकों में जाना पड़ रहा है, जिसमें समय और पैसे दोनों बर्बाद हो रहे हैं।

- आधार कार्ड की सुविधा बंद होने की जानकारी नही है। अगर ऐसा है तो डाकघर संपर्क कर सेवा को बहाल कराने का प्रयास किया जाएगा। - पुष्करनाथ चौधरी, एसडीएम, हसनपुर।


जोया में भी लग रहीं लाइनें
जोया। इस समय में स्कूलों में प्रवेश व अन्य जरूरतों के लिए आधार कार्ड की जरूरत पड़ रही है। आधार कार्ड बनवाने के लिए जरूरतमंद लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। डाकघर में आधार कार्ड बनवाने की सुविधा तो है लेकिन कार्ड बनवाने व संशोधन कराने के लिए लोगों की संख्या अधिक होने के कारण लंबे इंतजार से गुजरने के बाद कार्ड बन पा रहे हैं।

- हसनपुर में आधार कार्ड की सुविधा बंद होने की जानकारी नहीं है। अगर ऐसा है तो आधार की सेवा को शीघ्र बहाल कराने का प्रयास किया जाएगा। - अमित विकास यादव, पोस्ट मास्टर अमरोहा
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें