अमरोहा। पीसीएस, एसीएफ और आरएफओ की प्रारंभिक परीक्षा रविवार को 15 केंद्राें पर आयोजित हुई। परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों की भीड़ जमा होनी शुरू हो गई थी। वहीं, दूसरे शहरों से पहुंचने वाले अभ्यर्थी एक दिन पहले ही पहुंच गए थे। बायोमेट्रिक प्रक्रिया के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया।
हालांकि, परीक्षा में आधे से अधिक अभ्यर्थियों ने किनारा कर लिया। सुबह की पाली में 38.8 और शाम में 38.5 फीसदी अभ्यर्थी शामिल हुए। अभ्यर्थियों ने बताया कि पेपर में करंट अफेयर्स के सवालों ने परेशान किया जबकि हिंदी और अर्थशास्त्र से संबंधित सवाल उलझाने वाले रहे।
उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग की ओर से आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए प्रशासन काफी समय से ही व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा था। परीक्षा के लिए जिले में 15 केंद्र बनाए गए थे जहां 7008 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। रविवार सुबह 9:30 बजे की पहली पाली में 2722 और दोपहर 2:30 बजे की दूसरी पाली में 2701 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा आयोजन को प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे।
बायोमेट्रिक प्रक्रिया व सघन तलाशी के बाद ही अभ्यर्थियों को केंद्र पर प्रवेश दिया गया। परीक्षा के दौरान कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाना प्रतिबंधित किया गया था। केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में आने वाली फोटो स्टेट की दुकानों को भी बंद रखा गया था। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों के अनुसार करंट अफेयर्स और सरकार की योजनाओं की तारीखवार जानकारी के सवालों ने परेशान किया। इसके अलावा हिंदी और अर्थशास्त्र से संबंधित सवाल भी थोड़ा उलझाने वाले रहे।
डीएम ने भी किया परीक्षा केंद्रों का दौरा
परीक्षा की गतिविधियों को परखने के लिए डीएम निधि गुप्ता वत्स ने भी परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने जरूरी दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने कंट्रोल रूम का निरीक्षण भी किया। कहा कि परीक्षा का आयोजन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुसार कराया गया है।
अभ्यर्थी बोले
परीक्षा को लेकर तैयारी ठीक थी। करंट अफेयर्स और राजनीति विज्ञान से जुड़े सवालों ने ज्यादा परेशान किया। सवालों को घुमा फिराकर पूछा गया था। - दिव्य राज, इंदौर
विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन समेत पूछे गए कई सवालों ने बेहद परेशान किया। राजनीति विज्ञान व अर्थशास्त्र के सवाल भी थोड़ा मुश्किल थे। फिर भी पेपर ठीक हुआ है। - सालिम, बुलंदशहर
सामान्य अध्ययन समेत करंट अफेयर्स व राजनीति और भारतीय संविधान से जुड़े कई सवाल काफी कठिन थे। सरकार की योजनाओं के बारे में सवाल पूछे गए थे। जिनका जवाब देने में थोड़ा मुश्किल जरूर हुई। - सोफिया परवीन
परीक्षा के दौरान सामान्य अध्ययन के सवाल थोड़ा उलझाने वाले थे। हालांकि, पेपर इतना मुश्किल भी नहीं था लेकिन सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की तारीखों की जानकारी पूछी गई थी। जिसे हल करने में दिक्कत जरूर हुई। - हिमानी
परीक्षा एक नजर
परीक्षा केंद्र- 15
कुल पंजीकृत अभ्यर्थी - 7008
पहली पाली में उपस्थिति - 2722
पहली पाली में अनुपस्थिति - 4286
दूसरी पाली में उपस्थिति - 2701
दूसरी पाली में अनुपस्थिति - 4307
-