अमरोहा में होली पर्व के दौरान ट्रेन में भीड़ के चलते दरवाजे पर बैठकर सफर करते यात्री। संवाद
अमरोहा। होली पर ट्रेन और बसों में भीड़ बढ़ने लगी है। सोमवार को दिल्ली की तरफ से आने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस में चढ़ने को लेकर यात्रियों में धक्कामुक्की रही। ट्रेन में पैर रखने की भी जगह नहीं मिली। यात्रियों ने दरवाजे पर बैठकर यात्रा की। यहां तक भीड़ का आलम रहा कि शौचालयों में भी जगह नहीं मिली। आरक्षित कोच में लोगों की भीड़ रही। वहीं बसों में भी भीड़ चल रही है। यात्रियों की सुविधा के लिए बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। जिससे किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए जहां स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, वहीं रोडवेज बसों के अतिरिक्त फेरे भी बढ़ाए गए हैं। अमरोहा डिपो की सभी बसें ऑन रोड संचालित की जा रही हैं, ताकि यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। सोमवार को भी बस और ट्रेन में लोगों की भीड़ रही। लोग अपने घर जाने की जल्दी में है। बुधवार को धुलेंडी है।
28 फरवरी से ही लोगों के घर जाने का क्रम चल रहा है। सोमवार को अमरोहा स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ रही। दिल्ली की तरफ से आने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस में यात्रियों की भीड़ रही। पैर रखने की भी जगह नहीं मिली। ट्रेन में चढ़ने के लिए लोगों को जद्दोजहद करनी पड़ी। दरवाजे तक लोग बैठे नजर आए और तो और शौचालय में सामान रखा तो कहीं पर लोग बैठे नजर आए। आरक्षित कोच में भी यात्रियों की भीड़ रही। सभी को अपने घर जाने की जल्दी है।
पूर्वांचल और बिहार की तरफ जाने वाली ट्रेनों में भीड़ का यह आलम है कि ट्रेन के अंदर घुसने के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। वहीं बसों में भी भीड़ रही। एआरएम केसी गौड़ ने बताया कि दिल्ली के लिए बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं।