अमरोहा। जय शिव कन्या इंटर कॉलेज बुढेरना में मंगलवार को जनपदीय माध्यमिक योगासन प्रतियोगिता हुई। इसमें बालक एवं बालिका वर्ग के 14, 17 और 19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साह से प्रतिभाग किया और विभिन्न योगासनों का प्रदर्शन कर प्रतिभा दिखाई।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक शतानंद शर्मा ने दीप जलाकर किया। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ शरीर और मन का आधार है। विद्यार्थियों को इसे दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। योग से शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक एकाग्रता भी बढ़ती है। इस दौरान जेएस हिंदू इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. जीपी सिंह, सिख इंटर कॉलेज अमरोहा के प्रधानाचार्य सरदार गुरनाम सिंह और विद्यालय के संरक्षक अरविंद शर्मा मौजूद रहे।
संदीप सिंह, राजवीर सिंह और रश्मि ने निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के संचालन में विद्यालय के क्रीड़ा प्रभारी सरदार सुरेंद्र सिंह, क्रीड़ा सचिव विजय सिंह और शिक्षक सुशील शर्मा का सहयोग रहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ी 30 सितंबर को होने वाली मंडलीय योगासन प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। इसका आयोजन भी जय शिव कन्या इंटर कॉलेज, बुढेरना में होगा।
विद्यालय की प्रबंधक चारू शर्मा ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, निर्णायकों, खिलाड़ियों और सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और विद्यार्थियों के शारीरिक व मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।