अमरोहा। आरटीई के तहत निजी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की सूची और जरूरी अभिलेख उपलब्ध न कराने पर 15 स्कूलों को बीएसए डॉ. मोनिका ने नोटिस जारी किया है। इससे विद्यार्थियों को मिलने वाली वित्तीय सहायता और विद्यालयों की शुल्क प्रतिपूर्ति का भुगतान अटक गया है।
बीएसए ने बताया कि सत्र 2026-27 में आरटीई विद्यार्थियों को शासन से पांच हजार रुपये वित्तीय सहायता और विद्यालयों को प्रति विद्यार्थी 5400 रुपये वार्षिक शुल्क प्रतिपूर्ति दी जानी है। विद्यालयों को कई बार पत्र और व्हाट्सएप से अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, लेकिन सूचना नहीं दी गई। नोटिस पाने वालों में कृष्णा बाल मंदिर अमरोहा, केबीएस स्कूल, बीआरआरडी प्राइमरी स्कूल मंडी चौक, ब्राइट लैंड पब्लिक स्कूल, बीएसएम एकेडमी, घनश्याम दास टंडन सरस्वती विद्या मंदिर कैलसा, इंडियन पब्लिक स्कूल, एचएएमपीएस अमरोहा, हिल्टन कॉन्वेंट स्कूल, मोर्डन पब्लिक स्कूल महादेव धनौरा, न्यूटन चिल्ड्रेन एकेडमी, श्री साई बाबा इंटर कॉलेज, ब्राइटवे पब्लिक स्कूल और शांति देवी मेमोरियल पब्लिक स्कूल शामिल हैं। बीएसए ने तत्काल अभिलेख उपलब्ध कराने और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।