तिगरी गंगा मेले में वॉलीबॉल में पपसरा ने रहटी टीम को पराजित किया
तिगरी गंगा धाम। तिगरी गंगा मेले में खेल विभाग द्वारा शनिवार को वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया। स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में छह टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रथम मैच रतनपुरा व पपसरा के बीच खेला गया। इसमें रतनपुरा को हार का सामना करना पड़ा। दूसरा मैच रहटी व गंदुपाल के बीच खेला गया। रहटी टीम के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर गंदुपाल को हरा दिया। धनौरा व रतनपुरा के बीच हुई भिड़ंत में धनौरा ने जीत दर्ज की। चौथा मैच गंदुपाल व स्काउट गाइड के बीच खेला गया। गंदुपाल ने स्काउट गाइड को पराजित किया। पपसरा व धनौरा के बीच खेले मैच में धनौरा को पराजित कर पपसरा की टीम ने फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मैच पपसरा व रहटी के बीच खेला गया। जिसमें पपसरा के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रहटी टीम को पराजित किया। इस मौके पर सीडीओ चंद्रशेखर शुक्ल, जिला क्रीड़ा अधिकारी देशकांत त्यागी, महिपाल सिंह, सुरेंद्र सिंह, संजीव चौहान, मनीष त्यागी, राघवेंद्र सिंह, चंद्रमणि शर्मा, मंजीत सिंह, शिवम त्रिपाठी, विकास आदि रहे।
तिगरी गंगा मेले में एडीएम ने सुनाई राम कथा
तिगरी गंगा धाम में एडीएम भगवान शरण ने शनिवार शाम श्रीराम कथा सुनाई। इस दौरान उन्होंने राम चरित मानस की उन चौपाइयों को भी समझाया, जिन पर कुछ लोग आपत्ति जताते हैं। एडीएम से श्रीराम कथा का प्रसंग सुन श्रद्घालू, अधिकारी, कर्मचारी भाव विभोर हो गए। डीएम बीके त्रिपाठी, एसपी आदित्य लांग्हे, भाजपा जिलाध्यक्ष डा.ऋषिपाल नागर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, पूरन सिंह सैनी, एएसपी राजीव कुमार सिंह, सुरेंद्र सिंह, रामपाल सिंह, जयकीरत सिंह आदि मौजूद रहे।