अमरोहा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के आरक्षण के प्रकाशन पर रोक लगने से दावेदार मायूस हो गए हैं। हाईकोर्ट के आदेश पर प्रशासनिक तंत्र की नजर है। इस बीच 15 मार्च को स्थिति स्पष्ट हो सकती है। हालांकि प्रशासन चुनाव की तैयारियों को आखिरी रूप देने में जुटा है। जिले में 8,660 कार्मिक चुनाव कराएंगे। इसके लिए उनका ब्योरा तैयार हो गया है। पीठासीन अधिकारी से लेकर मतदान अधिकारी तृतीय तक शामिल हैं।
जिले में 597 ग्राम प्रधान, 683 बीडीसी सदस्य और 27 जिला पंचायत सदस्यों के लिए चुनाव होने हैं। शनिवार को इन पदों के आरक्षण का अंतिम प्रकाशन होना था लेकिन शुक्रवार को दोपहर में हाईकोर्ट ने अंतिम प्रकाशन प्रक्रिया पर रोक लगा दी। इसके चलते विभिन्न पदों के आरक्षण का अंतिम प्रकाशन स्थगित हो गई है। जिले के छह ब्लॉकों में एक दिन में चुनाव कराए जाने हैं इसके लिए 8,660 कार्मिकों की जरूरत है। सर्वाधिक कर्मचारी के तौर पर बेसिक शिक्षा परिषद के सहायक अध्यापक शामिल हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से विभिन्न कार्यालयों के 10,092 कर्मचारियों का ब्योरा वेबसाइट पर फीड हो चुका है।