मंडी धनौरा। शनिवार को होने वाले ब्लाक प्रमुख पद के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नामांकन के दिन हुए बवाल के मद्देनजर यहां पीएसी की दो प्लाटून व जिले से अतिरिक्त पुलिस बल भेजा जा रहा है। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान के लिए हर कदम उठाया जाएगा।
नामांकन के दिन रालोद व भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल काटा था। उनको आशंका थी कि सत्ता के दबाव में रालोद प्रत्याशी का पर्चा दाखिल नहीं होने दिया जाएगा या खारिज कर दिया जाएगा। भाजपा प्रत्याशी के नामांकन के समय जनप्रतिनिधियों के भीतर जाने से स्थिति और बिगड़ गई थी। रालोद व भाकियू कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया और ब्लाक कार्यालय का मेनगेट तोड़ने का प्रयास किया था। शुक्रवार की अपराह्न डीएम व एसपी ब्लाक कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने अधीनस्थों को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान के निर्देश दिए। एसपी पूनम ने बताया कि धनौरा ब्लाक कार्यालय पर स्थानीय पुलिस के अलावा पीएसी की दो प्लाटून व जिले से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। किसी को भी गड़बड़ी की इजाजत नहीं दी जाएगी।