अमरोहा। अमरोहा ब्लॉक की ग्राम पंचायत शाहिदपुर में जल जीवन मिशन के तहत शुरू की गई पेयजल योजना तीन साल बाद भी अधूरी पड़ी है। स्थिति यह है कि ओवरहेड टैंक को छोड़कर लगभग पूरा ढांचा तैयार हो चुका है, लेकिन टैंक का निर्माण अधर में लटकने से करीब 2200 की आबादी को आज तक पानी की सुविधा नहीं मिल सकी है। ग्रामीणों को अब भी पेयजल के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2022-23 में शाहिदपुर और बागड़पुर कला गांवों में पेयजल आपूर्ति के लिए ओवरहेड टैंक निर्माण कार्य शुरू किया गया था। योजना के तहत शुरुआत में बोरिंग, ऑपरेटर रूम, सोलर पैनल, जनरेटर, चारदीवारी, मुख्य गेट और अन्य संरचनाओं का निर्माण पूरा कर लिया गया। यहां तक कि पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी अधिकांश हिस्सों में पूरा कर दिया गया है और घर-घर कनेक्शन व टंकियां भी लगाई जा चुकी हैं, लेकिन मुख्य ओवरहेड टैंक का निर्माण अभी तक पूरा नहीं हो सका है।
स्थिति यह है कि पूरा परिसर तैयार होने के बावजूद टैंक अधूरा पड़ा है और वहां घास उग आई है। ग्रामीणों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद योजना का लाभ उन्हें नहीं मिल पा रहा है।
घरों में लगाई गई टंकियां भी सूखी पड़ी हैं और लोग पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। ग्राम प्रधान रितु का कहना है कि ओवरहेड टैंक को छोड़कर बाकी सभी कार्य पूरे कर दिए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है।