गजरौला। श्री शिव मंदिर चौपला के सामने शनिवार सुबह मांस से भरी थैली मिलने पर लोगों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कराया, जबकि पालिका कर्मचारियों ने मांस हटाकर सफाई कराई। शाम को मंदिर समिति की बैठक में मंदिर के 100 मीटर दायरे में मांस की दुकानें बंद कराने की मांग उठाई गई।
शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे मंदिर के सामने मांस की थैली पड़ी मिली। आशंका है कि कुत्ते उसे कहीं से खींचकर लाए और सड़क पर बिखेर दिया। सूचना मिलने पर चौपला चौकी प्रभारी नवीन भाटी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पालिका कर्मचारियों से सफाई कराई। बाद में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर लोगों से जानकारी ली।
मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस से मांग की कि मंदिर के 100 मीटर दायरे में दिल्ली रोड और हसनपुर मार्ग पर संचालित मांस की दुकानों को बंद कराया जाए तथा क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए।
शाम को श्री शिव मंदिर समिति की बैठक में अध्यक्ष शोभित गर्ग ने कहा कि मंदिर के आसपास मांस की दुकानें होने से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। सावन माह में श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए इन दुकानों को हटाया जाना चाहिए। बैठक में प्रबंधक नरेश गुप्ता, कमल अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, डॉ. कल्याण प्रताप माथुर, श्रीनारायण गर्ग, विनोद गर्ग सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।